
काबुल अफगानिस्तान से आखिरी अमेरिकी सैनिक के लौटने के बाद तालिबान के लड़ाकुओं ने पूरे काबुल एयरपोर्ट को अपने कब्जे में ले लिया है। करीब 20 साल तक चली जंग में सुपरपावर अमेरिका को शर्मनाक शिकस्त देने के बाद तालिबानी नेता जश्न मना रहे हैं। 'आजादी' की सुबह का जायजा लेने काबुल एयरपोर्ट पर पहुंचे तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने कहा कि अमेरिका की हार अन्य हमलावरों के लिए संदेश है। जबीउल्ला ने कहा कि यह ऐतिहासिक मौका है और हमारा देश अब एक 'स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र' है। उन्होंने सभी अफगान नागरिकों को जीत की बधाई दी। तालिबानी प्रवक्ता ने लगे हाथ यह भी कहा कि हम अमेरिका समेत पूरी दुनिया के साथ अच्छे रिश्ते बनाना चाहते हैं। हम सभी के साथ राजनयिक संबंध का स्वागत करते हैं। जबीउल्लाह ने कहा कि यह हम सभी की जीत है। 'अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप के जरिए लक्ष्य हासिल नहीं कर सके' उन्होंने कहा, 'अब हमें संदेह नहीं है कि इस्लामिक अमीरात अफगानिस्तान एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र है। जबीउल्ला ने कहा कि अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप के जरिए अपना लक्ष्य हासिल नहीं कर सके। तालिबानी प्रवक्ता ने दावा किया कि वे स्वतंत्रता और इस्लामिक मूल्यों की रक्षा करेंगे। इससे पहले तालिबान के कतर स्थित प्रवक्ता सुहैल शाहीन ने भी इसे आजादी करार दिया था। सुहैल शाहीन ने सोमवार देर रात को ट्वीट करके कहा, 'आज रात 12 बजे (अफगानिस्तान के समयानुसार) आखिरी अमेरिकी सैनिक अफगानिस्तान से लौट गया। हमारे देश को पूरी आजादी मिल गई है। अल्लाह को धन्यवाद। सभी देशवासियों को दिली धन्यवाद।' इसी के साथ ही अब पंजशीर घाटी को छोड़कर पूरे अफगानिस्तान पर तालिबान का पूरा नियंत्रण हो गया है। राजधानी काबुल की सड़कों पर सन्नाटा पसरा तालिबानी जहां देशभर में जश्न मना रहे हैं, वहीं राजधानी काबुल की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान के लिए यह एक ऐतिहासिक जीत है। तालिबान ने हमेशा से ही अफगानिस्तान में विदेशी सेनाओं के खिलाफ अपनी लड़ाई के बारे में बयान दिया है और वे इसे अपनी संप्रभुता के खिलाफ बताते रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी सैनिकों के अफगानिस्तान से चले जाने के बाद अब देश के नए शासकों को कई सवालों का जवाब देना होगा।
from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times https://ift.tt/3sYjtUS
via IFTTT
No comments:
Post a Comment