टोक्यो लंबे समय तक चले विवाद के बाद जापान की राजकुमारी माको के प्यार की जीत होने जा रही है। राजकुमारी माको अपने क्लासमेट रहे मंगेतर केइ कोमुरो के साथ मंगलवार को शादी रचाने जा रही हैं। हालांकि कई वर्षो तक चले विवादों की वजह से यह शादी शाही अंदाज में नहीं होने जा रही है। जापान के शासक नरुहितो की भतीजी माको इस हफ्ते 30 साल की होने जा रही हैं और जैसे ही यह शादी रजिस्टर होगी, उनका शादी दर्जा खत्म हो जाएगा। इस तरह शादी के बाद अब माको 'राजकुमारी' नहीं रहेंगी। जापान के शाही परिवार के नियमों के मुताबिक खानदान की कोई महिला सदस्य अगर शाही परिवार में शादी न करके किसी आम आदमी से शादी करती है तो उसका राजकुमारी का पद खत्म हो जाएगा। यही नहीं उसे परिवार को भी छोड़कर जाना पड़ता है। जापान में युद्ध के बाद के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि माको को परिवार से जाने पर विशाल धनराशि का ऑफर हुआ और उन्होंने उसे ठुकरा दिया। बताया जा रहा है कि यह शादी साधारण तरीके से कागजी कार्रवाई से होगी और कोई कार्यक्रम नहीं होगा। राजकुमारी के मंगेतर का परिवार वित्तीय संकटों से जूझ रहा माको और उनके 30 साल के मंगेतर कोमूरो ने वर्ष 2017 में अपनी सगाई का ऐलान किया था। शादी के बाद भी राजकुमारी का विवाद पीछा छोड़ने नहीं जा रहा है। ऐसी खबरें हैं कि राजकुमारी के मंगेतर का परिवार वित्तीय संकटों से जूझ रहा है। जापान के शाही परिवार के मुताबिक मीडिया के अत्यधिक ध्यान देने की वजह से राजकुमारी माको इन दिनों तनाव में चल रही हैं। राजकुमारी माको ने अपनी शादी को टाल दिया था और कोमूरो कानून की पढ़ाई करने के लिए वर्ष 2018 में अमेरिका चले गए थे। अभी वह एक लॉ फर्म में काम करते हैं। कोमूरो पिछले महीने जापान लौटे हैं और तभी से सुर्खियों में बने हुए हैं। राजमहल ने घोषणा की है कि राजकुमारी की होने वाली सास से जुड़े एक वित्तीय विवाद के कारण उनकी शादी को जनता का पूरी तरह समर्थन हासिल नहीं है। माको के मंगेतर केइ कोमुरो की मां से जुड़ा विवाद शाही परिवार के लिए शर्मिंदगी की वजह है। राजकुमारी को जनता की आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी शादी में इतनी ज्यादा देरी हुई है। शादी के बाद यह जोड़ा अमेरिका में बस जाएगा 'इंपीरियल हाउसहोल्ड एजेंसी' ने कहा कि दोनों 26 अक्टूबर को अपनी शादी का पंजीकरण कराएंगे और एक साथ संवाददाता सम्मेलन करेंगे। उनके इस साल न्यू यॉर्क में एक साथ नई जिंदगी की शुरुआत करने की संभावना है। एजेंसी ने बताया कि दोनों के लिए शादी के भोज और अन्य रीति-रिवाजों का आयोजन नहीं किया जाएगा क्योंकि 'उनकी शादी को कई लोगों का समर्थन हासिल नहीं है।' कोमुरो और राजकुमारी तोक्यो की इंटरनैशनल क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी में एक ही कक्षा में पढ़ते थे शादी के बाद यह जोड़ा यूएस में बस जाएगा। आम आदमी से शादी की कितनी कीमत चुकाएंगी राजकुमारी? जापान की राजशाही के नियम के मुताबिक, राजकुमारी माको इस शादी के बाद राज परिवार का हिस्सा नहीं रहेंगी। अमूमन शाही परिवार छोड़ने पर 13.5 लाख डॉलर की जो रकम राज परिवार के सदस्य को मिला करती है, उसे भी माको ने ठुकरा दिया था। ऐसे में माको द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से शाही परिवार की पहली महिला सदस्य हैं, जिन्हें एक आम आदमी से शादी करने पर कोई धनराशि नहीं मिलेगी। हालांकि उन्होंने शादी को सादगी से मनाने की बात कही थी मगर अब साफ है कि शादी के रीति रिवाज और भोज तक से भी यह जोड़ा महरूम रहेगा।
from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times https://ift.tt/3GlZIwG
via IFTTT
No comments:
Post a Comment