दुबई दुबई में हिंदुओं के लिए बने एक मंदिर का शुभारंभ अगले साल दीवाली तक कर लिया जाएगा। मीडिया रिपोर्टों में इसकी जानकारी दी गई है। बीते साल अगस्त में महामारी के दौरान इस मंदिर की नींव रखी गई थी। दुबई के सामुदायिक विकास प्राधिकरण के मुताबिक, शहर के जेबेल अली इलाके में गुरु नानक सिंह दरबार के समीप इस मंदिर का निर्माण किया जा रहा है, जो कि दुबई में सिंधी गुरु दरबार का विस्तार है। सिंधी गुरु दरबार मंदिर यहां स्थित हिंदुओं के पुराने मंदिरों में से एक है, जिसकी शुरुआत 1950 के दशक में हुई थी। रविवार को गल्फ न्यूज से बात करते हुए मंदिर के ट्रस्टियों में से एक राजू श्रॉफ ने कहा, ‘यह मंदिर संयुक्त अरब अमीरात और दुबई में लोगों के खुले विचारों और मानसिकता की पहचान है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘1950 के दशक में एक कमरे के एक पुराने मंदिर से 70,000 स्क्वॉयर फुट के मंदिर और कम्युनिटी सेंटर में तब्दील होने का इसका यह सफर दुबई के शासकों की उदारता और खुले विचारों और सीडीए, दुबई के अभूतपूर्व समर्थन के बिना संभव नहीं हो पाता।’ 75,000 स्क्वॉयर फुट के विस्तृत इलाके में फैला मंदिर खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मंदिर हिंदुओं के 11 देवी-देवताओं का घर होगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मंदिर के ढांचे का निर्माण 25,000 स्क्वॉयर फुट की जमीन पर होना है, जबकि पूरा परिसर 75,000 स्क्वॉयर फुट के विस्तृत इलाके में फैला होगा। ढांचे में दो बेसमेंट होंगे, एक ग्राउंड फ्लोर होगा और एक फर्स्ट फ्लोर होगा। मंदिर में एक 4,000 स्क्वॉयर फीट का बैंक्वेट हॉल भी होगा, जहां लगभग 775 लोगों के साथ आने की क्षमता होगी और एक 1,000 स्क्वॉयर फीट का मल्टीपर्पस रूम भी होगा, जो छोटे-मोटे समारोहों के लिए होगा। इसमें भाग लेने वाले लोगों की क्षमता 100 होगी। इस भव्य मंदिर के निर्माण कार्य से हिंदू समुदाय ने काफी खुशी जताई है।
from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times https://ift.tt/3iISfwo
via IFTTT
No comments:
Post a Comment